Showing posts with label Amnesty International's Appeal for Vinayak Sen. Show all posts
Showing posts with label Amnesty International's Appeal for Vinayak Sen. Show all posts

Saturday, April 25, 2009

अब एमनेस्‍टी इंटरनेशनल ने भी की विनायक सेन की रिहाई की मांग

विनायक सेन की गिरफ्तारी पर अब प्रतिष्ठित अंतर्राष्‍ट्रीय एजेंसिंया भी सवाल उठाने लगी हैं। एमनेस्‍टी इंटरनेशनल ने भी विनायक सेन की रिहाई का समर्थन किया है। एमनेस्‍टी इंटरनेशनल के ताजा वक्‍तव्‍य में कहा गया है कि विनायक सेन पर लगाए गए आरोप ''आधारहीन हैं और राजनीति से प्रेरित हैं'' साथ ही उन्‍हें कैद में रखना अंतर्राष्‍ट्रीय कानून का उल्‍लंघन है। वक्‍तव्‍य में आगे कहा गया है कि ''यह एक जीता-जागता उदाहरण है कि किस तरह भारतीय शासन तंत्र एक्टिविस्‍टों को निशाना बनाने के लिए सुरक्षा से जुड़े कानूनों का दुरुपयोग कर रहा है। ये कानून सवालों के घेरे में हैं क्‍योंकि इनकी ''गैरकानूनी गतिविधियों'' की अस्‍पष्‍ट और अतिरंजित परिभाषाएं गढ़ी गई हैं। किसी भी परिस्थिति में ऐसे कामों को 'गैरकानूनी गतिविधि' नहीं माना जाना चाहिए जो शांतिपूर्ण ढंग से मानवाधिकारों की रक्षा करते हैं।'' एमनेस्‍टी इंटरनेशनल ने इस मसले पर अपना रोष प्रकट करते हुए कहा, ''उनके ऊपर लगाए गए आरोप जिन कानूनों के आधार पर लगाए गए हैं, वे अंतर्राष्‍ट्रीय मानकों का उल्‍लंघन करते हैं। उनके मुकदमे में बार-बार देर होने से इसकी निष्‍पक्षता पर भी संदेह पैदा हो गया है।''
एमनेस्‍टी इंटरनेशनल का वक्‍तव्‍य उस पूरी प्रक्रिया के लिए एक आईना है जो सबूतों, कानून और इंसाफ पर टिके होने का दावा करती है। यह बात गौर करने वाली है कि विनायक सेन पर तमाम कोशिशों के बावजूद माओवादियों से संबंध होने का कोई पुख्‍ता सबूत छत्तीसगढ़ सरकार पेश नहीं कर पाई है। हर सुनवाई पर छत्तीसगढ़ सरकार का पक्ष लगातार कमजोर होता जा रहा है। वैसे भी विनायक सेन का मुद्दा अब एक अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्दा बनता जा रहा है। दुनिया भर में नागरिक, जनवादी और मानवाधिकारों के लिए काम कर रही संस्‍थाएं और लोग इस मसले पर अपनी चिंताएं प्रकट कर रहे हैं।
विनायक सेन की पत्‍नी इलीना सेन ने फिर से यह बात दोहराई है कि विनायक सेन को तत्‍काल इलाज की जरूरत है और छत्तीसगढ़ में उनकी जान को खतरा होने की पूरी संभावना है।
विनायक सेन हमारे समय की एक कसौटी बनते जा रहे हैं जिससे समाज के एक दिशा में जाने के संकेत साफ मिल रहे हैं....